पुलिस ने कहा- महिला पर आतंकवादियों की मदद का आरोप; फोटो में एके-47 के साथ दिखी, यह फोटो सबकुछ बयां करती है

Kailash

पुलिस ने कहा- महिला पर आतंकवादियों की मदद का आरोप; फोटो में एके-47 के साथ दिखी, यह फोटो सबकुछ बयां करती है

  • पुलिस ने महिला का फोटो जारी किया है। इसमें वह एके-47 राइफल के साथ नजर आ रही है। पुलिस ने बयान में कहा है कि यह फोटो ही कहानी बयां करती है।


 पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गए एक आतंकवादी की मां को गैर-कानूनी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला पर आतंकवादियों की मदद और दो युवाओं की मिलिटेंट रैंक पर भर्ती करने का आरोप है। एक तस्वीर में महिला एके-47 राइफल के साथ नजर आ रही है।
पुलिस ने बताया कि महिला का नाम नसीमा बानो है। उसे 20 जून को गिरफ्तार किया गया था। वह कुलगाम के रामपोरा काईमोह की रहने वाली है। उसका आतंकवादी बेटा 6 मई 2018 को मारा गया था।
गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट की गईं
दरअसल, महिला की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर पुलिस की आलोचना की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने बयान जारी कर महिला की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस बारे में कई पोस्ट की गई हैं और इन्हें शेयर किया जा रहा है। इसमें मामले के तथ्यों को तोड़ा-मरोड़ा भी गया है। इसके चलते इलाके की शांति और एकता में खलल पड़ सकता है।
कानूनी नियमों को ध्यान में रखते हुए महिला को गिरफ्तार किया
पुलिस ने कहा- महिला को कानून को ध्यान में रखते हुए गिरफ्तार किया गया है और उसे अनंतनाग के महिला पुलिस थाने में रखा गया है। इस महिला का एक फोटो है, जिसमें वह हथियार लिए हुए है। यह फोटो पूरी कहानी खुद ही बयां कर देता है। यह फोटो उसके आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की महज शुरुआत है।
इस महिला ने कम से कम दो युवाओं को आतंकवादी के तौर पर भर्ती किया। आतंकवादियों को हथियार, गोलाबारूद, कम्युनिकेशन उपकरण और अन्य जरूरत की चीजें भी मुहैया करवाईं। वह केवल एक महिला है और एक मारे गए आतंकवादी की मां है, इससे वह गिरफ्तारी से बच नहीं सकती।
किसी ने भड़काने की कोशिश की तो एक्शन लेंगे
पुलिस ने कहा- पुलिस का सबसे बड़ा कर्तव्य अपराधियों को गिरफ्तार करना है। लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस को जो करना चाहिए था, उसने किया। अगर कोई इस फैसले को चुनौती देना चाहता है, तो वह अदालत जाने के लिए स्वतंत्र है। पुलिस ने इस मामले पर नजर रखे है और अगर किसी ने दूसरों को भड़काने की कोशिश की तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।